Saturday, August 9, 2008

कूकर के दो आगे कूकर, कूकर के दो पीछे कूकर...

सपने में तिरबेनी काका
ऐसा-कैसा चिल्लाते हैं??
सपने में तिरबेनी काका
पैसा-पैसा चिल्लाते हैं???

आंय-बांय अब कोउ नाय है,
दांय-बांय सब सांय-सांय है
नेहरू जी की चांय-चांय है
गांधी जी की कांय-कांय है
झूमा-झटकी झांय-झांय है
मची चुनावी ठांय-ठांय है
चोर-चपाटी, गुंडा-सुंडा अब तो जन-गण-मन गाते हैं
सपने में तिरबेनी काका पैसा-पैसा चिल्लाते हैं.....

कूकर के दो आगे कूकर
कूकर के दो पीछे कूकर
आगे कूकर, पीछे कूकर
जनता पूछे- कितने कूकर
लोकतंत्र कुकराता जाये,
दुरदुर दुम दुबकाता जाये,
दिल्ली की बिल्ली के दम पर शोहदे मालपुआ खाते हैं
सपने में तिरबेनी काका पैसा-पैसा चिल्लाते हैं.....

बिना मौत अभिमन्यु मर रहे
पंचाली बेजार रो रही,
छंटे-छंटाये बेशर्मों की
हैं राते गुलजार हो रहीं,
गांधारी धृतराष्ट्र के लिए
दुर्योधन की नब्ज टो रही,
कौरव हथियारों की धुन पर जंगल में मंगल गाते हैं,
सपने में तिरबेनी काका पैसा-पैसा चिल्लाते हैं.....

1 comment:

बालकिशन said...

हा हा हा
बहुत खूब
मज़ेदार