Wednesday, April 21, 2010

लोकसभा का वॉक आउट कर भाजपा सांसद पहुंचे रैली में


sansadji.com
आज लोकसभा में भाजपा ने महंगाई बढ़ाने वाली केंद्र सरकार की नीतियों बरसते हुए सदन से वॉक आउट किया। साथ ही , रामलीला मैदान में भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों ने सरकार को आड़े हाथ लिया। रैली में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे। भाजपा ने रैली में लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया।
केंद्र सरकार पर महँगाई को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने बुधवार को विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के नेतृत्व में लोकसभा की दिनभर की कार्यवाही का बहिष्कार किया। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर मीरा कुमार ने कहा कि उन्हें प्रश्नकाल को स्थगित करने के लिए सुषमा स्वराज की ओर से नोटिस मिला है लेकिन वह इसे स्वीकार नहीं कर रहीं हैं परंतु उन्हें संक्षिप्त में अपनी बात रखने का मौका दे रही हैं। इस पर सुषमा स्वराज ने कहा कि सरकार ने महँगाई के मुद्दे पर बजट सत्र के प्रथम चरण में हुई विस्तृत चर्चा का न तो संतोषजनक जवाब दिया और न ही महंगाई रोकने के लिए ठोस प्रयास किए। उन्होंने कहा कि इसी के चलते आज देशभर से लाखों लोग सोई सरकार को जगाने के लिए दिल्ली में रैली कर रहे हैं। सुषमा ने कहा कि महँगाई कोई प्राकृतिक आपदा नहीं है बल्कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और घोटालों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी भाजपा सांसद इस रैली में शामिल होने के लिए जा रहे हैं और सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करते हैं। इसके बाद सभी भाजपा सदस्य नारेबाजी करते हुए सुषमा स्वराज की अगुवाई में सदन से वॉकआउट कर गए।
बढ़ती महंगाई के खिलाफ भाजपा की रैली के कारण बुधवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली जाने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने मंगलवार को ही लोगों से अपील कर दी थी कि वह सार्वजनिक एवं निजी परिवहन का इस्तेमाल करने से बचें और मध्य दिल्ली जाने के लिए मेट्रो सेवा का उपयोग करें जिसके लिए मेट्रो सेंट्रल सेक्रेटारियट से जहांगीरपुरी के बीच गाड़ियों की संख्या में वृद्धि की गई है। रामलीला मैदान में होने वाली रैली और बाद में जंतर-मंतर पर जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों भाग लेने आए हैं। इस कारण पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड में यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है। रिंग रोड, मथुरा रोड, तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, जे एल एन मार्ग, आसफ अली मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और रणजीत सिंह मार्ग भी प्रभावित है। भाजपा नेता एसएस अहलूवालिया ने कहा कि महंगाई मस्त हाथी की तरह बढ़ती चली जा रही है और इस पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है। भाजपा की महारैली में वायदा बाजार के खिलाफ भी आवाज बुलंद की जा रही है। सरकार ने पहले सस्ते दामों पर चीनी निर्यात की और कृत्रिम संकट निर्मित किया। इसके बाद ज्यादा दामों पर चीनी आयात की गई। पार्टी की मांग है कि इस पूरे मामले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराई जाए।
रैली को सफल बनाने के लिए लाखों पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में हैं। पार्टी ने दिल्ली के लोगों से अपील की है कि वह यातायात में असुविधा को बर्दाश्त करें। दिल्ली में आए भारी संख्या में लोगों के कारण सड़कों पर जाम लगा है। कनॉट प्लेस के आसपास के इलाकों में यातायात के संचालन में बहुत दिक्कत आ रही है। कार्य दिवस होने के कारण सड़कों पर जाम लग गया है। पार्टी के प्रवक्त प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हम दिल्लीवासियों से सुबह 10 से शाम 6 बजे तक यातायात में आई असुविधा के दौरान सहयोग चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह आप सबकी लड़ाई है। उन्होंने कहा कि महंगाई के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में अब तक 6 करोड़ लोगों ने अपने हस्ताक्षर किए हैं। अगले 15 दिनों तक इस अभियान को चलाने के बाद इसे राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को सौंप दिया जाएगा। रैली में सांसद लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह, गोपीनाथ मुंडे, अरुण जेटली, अध्यक्ष नितिन गडकरी आदि सभा को संबोधित कर रहे हैं। पुलिस ने रैली स्थल पर घेरा डाल दिया है ताकि उन्हें संसद की ओर बढ़ने से रोका जा सके।

No comments: