Tuesday, April 13, 2010

भ्रष्टाचारियों पर बरसे सांसद ओमप्रकाश


(sansadji.com)
लोकसभा और राज्यसभा से लंबे अवकाश के दिन खत्म होने और 15 अप्रेल से शुरू हो रहे शेष बजट सत्र से पहले सांसदों ने अपने राज्यों, क्षेत्रों में जनता के बीच आमदरफ्त तेज कर दी।
सिवान के सांसद ओमप्रकाश यादव, जदयू सांसद शिवानंद तिवारी, हुक्मदेव नारायण यादव, राजग सांसद लालू प्रसाद, उमाशंकर सिंह, कांग्रेस सांसद सुबोधकांत सहाय खूब सक्रिय रहे।
सीवान के लोकप्रिय सांसद ओमप्रकाश यादव का तो क्षेत्र के लोगों ने हार्दिक अभिनंदन भी किया। सिवान नगर के माधव नगर महादेवा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अपने सम्मान में आयोजित एक समारोह में सांसद यादव ने कहा कि मेरे राजनीतिक जीवन की विषम परिस्थिति में जब चारों ओर अंधेरा था, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने मेरे चुनाव अभियान की बागडोर ही नहीं थामी, मुझे विजय की मंजिल तक पहुंचाया। इसके लिए मैं आजीवन आरएसएस एवं उसके स्वयं सेवकों का आभारी रहूंगा। आरएसएस द्वारा संचालित विद्यालयों में बच्चों को भारतीय संस्कृति पर आधारित शिक्षा के साथ-साथ आचरण एवं शील की जो विशेष शिक्षा दी जाती है वह दूसरे विद्यालयों में उपलब्ध नहीं है। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय में नव निर्मित कम्प्यूटर भवन का उद्घाटन किया तथा सांसद मद से दस लाख रुपये विद्यालय के भवन निर्माण हेतु देने की घोषणा की। सांसद ने सिवान -लकड़ी मुख्य पथ से विद्यालय तक सड़क का मिट्टीकरण एवं ईटकरण कराने की भी घोषणा की। इसके अलावा सांसद ओमप्रकाश यादव ने एक अन्य नरेगा के गंभीर मसले पर बयान जारी कर आश्चर्य व्यक्त किया है कि जब मेंहदार पोखरा की सफाई के लिए मनरेगा के तहत लगभग पांच करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, फिर समाज सेवियों के निजी पैसे से इसके कार्य कैसे कराए जा रहे हैं। जब रात के अंधेरे में चोरी-चोरी, चुपके-चुपके जेसीबी से मिट्टी कटाई का काम हो रहा था और सरकारी राशि हड़पने का प्रयास किया जा रहा था तो मैंने मजदूरों के हित में उनकी बेबसी को ध्यान में रखकर इस भ्रष्टाचार को उजागर किया। भ्रष्टाचारियों को बचाने के उद्देश्य से कुछ जन प्रतिनिधि गरीब मजदूरों की बात न कर पदाधिकारियों का पक्ष ले रहे हैं। इस कार्य की जांच बिहार सरकार व केन्द्र सरकार से कराई जाएगी और दोषी, भ्रष्टाचारी कर्मचारियों को जेल का रास्ता दिखाया जाएगा। जदयू सांसद शिवानंद तिवारी ने कहा है कि कांग्रेस ने बिहार को खुरपी और बाल्टी का बाजार बना दिया है। ‘नौ करोड़ बिहारियों के साथ भेदभाव बंद करो, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दो’ नारे के साथ जदयू पूरे सूबे में अभियान चलाएगा। इसी महीने पार्टी इस मांग को लेकर गांव-गांव जाकर अभियान शुरू करेगी। एक सप्ताह के अंदर कमेटी का गठन कर लिया जाएगा। बिहार को उसका वास्तविक अधिकार दिलाने तक यह अभियान चलता रहेगा। देश में 45 वर्षो तक कांग्रेस का शासन रहा और इस दौरान बिहार के साथ भेदभाव होता रहा। कांग्रेस को बिहार के पिछड़ेपन पर बोलने का कोई अधिकार नहीं, क्योंकि उसने बिहार को खुरपी और बाल्टी का बाजार बनाकर रख दिया गया है। एक साजिश के तहत बिहार को उद्योग विहीन और बीमार बनाकर रखा गया। अंग्रेजों के समय इस भेदभाव का कारण समझ में आता है, क्योंकि उनके खिलाफ सर्वाधिक आंदोलन बिहार में हुए। परन्तु अब ऐसी कौन सी बात है कि केन्द्र बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। रांची के कांग्रेस सांसद एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि बिहार और छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की बढ़ती समस्या के लिए दोनों राज्य सरकारे जिम्मेदार हैं। राज्यों को नक्सलवाद से निपटना हैं। माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान राज्य और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाना चाहिए। राज्यों को यह स्वीकार करना चाहिए कि नक्सलवाद की समस्या सामाजिक एवं आर्थिक भेदभाव और विकास का काम नहीं होने के कारण है, इसलिए जबतक इन समस्याओं का निदान नहीं ढूंढा जाएगा, उसे जड़ से नहीं समाप्त किया जा सकता। बिस्फी (मधुबनी) में जदयू सांसद
हुक्मदेव नारायण यादव ने गढि़या एवं चहुटा के प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि नीतीश सरकार विकास के प्रति कृत संकल्पित है। महज चार वर्षो में इस सरकार ने जो विकास को गति दी है, इसकी सराहना अब हर जगह हो रही है। सिर्फ विरोधियों को विकास नहीं दिख रहा है। तरवारा (सिवान) में महाराजगंज से राजग सांसद उमाशंकर सिंह ने शकरा बाजार स्थित सारंगपुर पैक्स में बैंक प्रणाली का उद्घाटन करते हुए कहा कि पैक्स के अंतर्गत संचालित बैंक से ही किसानों का विकास होगा। यहीं बैंक किसानों का सबसे बड़ा हितैषी बैंक है। मैरवा (सिवान) में राजग अध्यक्ष एवं सारन के सांसद लालू प्रसाद यादव ने कहा कि विकास के मामले में नीतीश सरकार फेल है, महंगाई चरम पर है। जब हमारा शासन था तो सब जाति को सम्मान मिलता था, अब पिछड़े व दलितों को कोई नहीं पूछ रहा है। स्थिति ऐसी हो गयी है कि जाति प्रमाण पत्र के लिए माल देना पड़ रहा है। पूर्व रेलमंत्री ने मैरवा में हरिराम ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चैता का उद्घाटन भी किया। यादव ने कहा कि चैता उत्तर प्रदेश व बिहार के भोजपुरिया इलाके की धरोहर है।

No comments: