Saturday, April 3, 2010

राजनाथ आज कानपुर में, भाजपा में घमासान


(sansadji.com)


कानपुर शहर की जनता की तरफ से कानपुर नगर निगम ने यहां मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के सम्मान में गुलाबी संगमरमर के पत्थरों से भव्य द्वार बनवाया है। द्वार का नाम 'सचिन रमेश तेंडुलकर सर्वधर्म द्वार' रखा गया है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद राजनाथ सिंह आज इस द्वार का शाम पांच बजे उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर भाजपा में घमासान मचा हुआ है।
कानपुर शहर की काल्पी रोड से दर्शनपुरवा को जोड़ने वाले रास्ते पर बने सचिन रमेश तेंडुलकर द्वार के संबंध में नगर निगम के मेयर पाटनी का कहना है कि सचिन के नाम का यह द्वार 25 फिट ऊंचा और 25 फिट चौड़ा है तथा इसे विशेष गुलाबी रंग के संगमरमर के पत्थरों से बनाया गया है। इसकी लागत करीब दस लाख रूपए आई है। यह सारा पैसा नगर निगम कोटे से लगाया गया है। कार्यक्रम संयोजक पूर्व पार्षद आशुमेन्द्र प्रताप सिंह हैं। वह कहते हैं कि राष्ट्रीय एकता और सद्भावना के प्रतीक द्वार के लोकार्पण समारोह में चिकित्सा, शिक्षा आदि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जायेगा। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थावर चंद्र गहलोत और विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी होंगे जबकि महापौर रवीन्द्र पाटनी अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन सांसद राजनाथ सिंह को करना है। सचिन रमेश तेंदुलकर सर्वधर्म द्वारा का लोकार्पण करने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह विशिष्ट जनों का सम्मान भी करेंगे। कार्यक्रम के मुखिया को लेकर नगर भाजपाइयों में घमासान चल रहा है। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, लेकिन इस कार्यक्रम का मुखिया पूर्व पार्षद अंशुमेन्द्र प्रताप सिंह को बनाए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोधियों का आरोप है कि पूर्व पार्षद हमेशा दलों को बदलते रहते हैं। इनका कांग्रेस व सपा से भी जुड़ाव रहा है और छोटा भाई इस समय कांग्रेस में है। विरोधियों का कहना है कि महापौर को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुलाना था तो पहले पार्टी की उत्तर और दक्षिण इकाई से सलाह करनी चाहिए थी। ऐसा न करने से पार्टी के अन्दर गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा जो कि पार्टी के लिए ठीक नहीं है।

No comments: